19 September 2009

मोगली बाल उत्सव पेंच अभ्यारण्य में एक से तीन नवम्बर तक

मोगली बाल उत्सव का राज्य स्तरीय आयोजन एक से तीन नवंबर तक सिवनी जिले के पेंच अभ्यारण्य में होगा। आयोजन में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर प्रत्येक जिले से प्रथम स्थान प्राप्त कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग से एक-एक छात्र-छात्रा (कुल चार) का चयन किया जायेगा। सिवनी जिले के दल में 16 विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। जिसमें कनिष्ठ व वरिष्ठ प्रत्येक वर्ग से 4-4 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। ये सभी चयनित छात्र पेंच अभ्यारण्य में होने वाले राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में सहभागिता करेंगे।
जिले से आने वाले दल में छात्र-छात्राओं के साथ एक महिला शिक्षिका ही रहेगी, इसमें कोई छूट नही रहेगी। महिला शिक्षिका जिसका चयन संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जायेगा। शासन ने संभागीय संयुक्त संचालकों व डीईओ को ऐसे प्रतियोगी छात्र या छात्रा व महिला शिक्षिका का चयन न करने के निर्देश दिये हैं, जो पूर्व में किसी भी राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में सम्मिलित हो चुके हैं। मोगली बाल उत्सव में भाग लेने का खर्च शासन द्वारा वहन किया जायेगा।
शासन ने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है कि चयनित छात्र एवं छात्रा मोगली उत्सव में आवश्यक रूप से शामिल हो। यदि अपरिहार्य स्थिति में कोई छात्र या छात्रा सम्मिलित होने में असमर्थ है तो डीईओ द्वारा जिला कलेक्टर की अनुमति से द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र या छात्रा को मोगली उत्सव में अनिवार्यत: सम्मिलित कराने को कहा गया है।
शासन ने जिलों के दलों को मोगली उत्सव प्रारंभ होने के एक दिन पूर्व 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुँचने को कहा है। बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिले के दल उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी में तथा शेष सभी 46 जिलों के दल जबलपुर स्थित उत्कृष्ट विद्यालय में एकत्रित होंगे। जहां से उन्हें पेंच अभ्यारण्य पहुँचाने की व्यवस्था की जायेगी। पेंच से ये दल 4 नवंबर को सबेरे 8 बजे सिवनी-जबलपुर हेतु रवाना होंगे।
विद्यार्थियों को पर्यावरण विज्ञान के साथ प्रदेश की भौगोलिक विशेषताओं आदि के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने की दृष्टि से आयोजित होने वाले मोगली उत्सव में चयन हेतु त्रिस्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेगी। गत 12 सितम्बर को शाला स्तर पर कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग की निबंध प्रतियोगिता हो चुकी है। जन शिक्षा केन्द्र स्तर पर कनिष्ठ वर्ग के लिए 19 सितम्बर को प्रतियोगिता होगी। दोनों वर्ग की लिखित प्रश्न पत्र प्रतियोगिता विकासखण्ड स्तर पर 10 अक्टूबर को होगी। इसी तरह जिला स्तर पर दोनों वर्गों की प्रश्न मंच प्रतियोगिता 25 अक्टूबर को होगी।

0 comments:

 
© Media Watch Group-Copyright to Visitors Sagar Watch