25 October 2008

मप्र मे तीसरा विकल्प है भाजश-उमा भारती

प्रदेश मे अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनशक्ति पार्टी का चुनाव प्रचार जोर-शोर से शुरू हो गया है। इसी सिलसिले मे भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा भारती ने शुक्रवार को देरात तक सागर जिले मे पांच चुनावी सभाओं को संबोधित किया। बुदेलखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों मे हुई उनकी सभाओं मे खासी भीड़ जुटने की खबर है लेकिन शहर व उनसे लगे इलाके में हुईं उनकी सभाएं काफी फीकी रहीं।
इन सभाओं की सबसे उल्लेखनीय बात गौरझामर की सभा मे देवरी से भाजपा के विधायक रहे रतनसिंह सिलारपुर द्वारा भारतीय जनशक्ति पार्टी मे शामिल होना व भाजश पार्टी के प्रदेश सचिव मुकेश जैन ढाना को सागर से, बण्डा से बाबू सिंह लोधी को पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा रहीं। श्री सिलारपुर ने एक दर्जन जनप्रतिनिधियों व सैकड़ों कार्यकर्ताओ के साथ उमा भारती की मौजूदगी मे भाजश की सदस्यता ली। उमा भारती के करीबी रिश्तेदार होने की वजह से काफी पहले से ही उनके भाजपा से टिकिट कटने की चर्चाए भी चल रहीं थीं। इसके अलावा सुरखी से गोपाल भार्गव के चचेरे भाई प्रद्यूम्न भार्गव को भी पार्टी का संभावित प्रत्याशी घोषित किया है।
इन चुनावी सभाओं मे उमा भारती के तेवर पहले जैसे तल्ख नजर नहीं आए। उन्होने अपनी मुख्य प्रतिद्वंदी पार्टी भाजपा की आलोचना तो की लेकिन काफी संयमित लहजे में। इसके अलावा हाल ही में रहली मे कांग्रेस नेता व पिछले साल भाजश कार्यकर्ता मोहन पटेल की हुई पिटाई का हवाला देते हुए आरोपियों के खिलाफ पुलिस उचित कार्यवाही नहीं होने की वजह भाजपा नेताओं का गुण्डा राज बताया। सागर के शहर के नरयावली विधानसभा क्षेत्र मे आने वाले सदर क्षेत्र मे आयोजित सभा मे उन्होने कहा कि अगर प्रदेश में भाजपा हारती है तो वे उसकी जिम्मेदार वे नहीं होगीं बल्कि भाजपा के वे नेता होगें जिन्होने उन्हें पार्टी से निकाला है।
इसी सिलसिले मे उन्होने कहा की मप्र की जनता का कांग्रेस व भाजपा दोनों ही मुख्य पार्टियों से मोहभंग हो चुका है उसे अब तीसरे विकल्प की तलाश है जो भाजश के रूप मे उसके सामने आ गया है। सुश्री भारती ने कहा कि कांग्रेस के 50 साल के कुशासन व पिछले पांच सालों मे भाजपा के भ्रष्ट शासन की वजह से बुंेदलखण्ड में गरीबी व पिछड़ापन बढ़ा है।
इसके पहले बीना के खिमलासा व खुरई के रोड़ा गांव मे आम सभाओं में भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री भारती ने कहा की भाजपा से जनता का मोहभंग होने लगा है। लोग अब भाजपा का झण्डा देख कर भी चिढ़ने लगे हैं। उन्हें इस झण्डे को देखकर जहां एक ओर, राम की नहीं जिन्ना की याद आंती है वहीं दूसरी ओर झण्डा अब संस्कृति की नहीं राई की याद दिलाता है।
उन्होने कांग्रेस को रोक सकने वाली एकमात्र ताकत भाजश को बताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से भाजश का कार्य करने की अपील भी की। उनके भाजपा मे वापस जाने की खबरों को दुष्प्रचार करार देते हुए सुश्री ने कहा कि वे भाजपा मे नहीं जाएंगी बल्कि भाजपा के अच्छे कार्यकर्ता अब भाजश मे आएंगें।
बुंदेलखण्ड मे हुई चुनावी संभाओं के सिलसिले में भाजश के प्रदेश सचिव मुकेश जैन के मुताबिक पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुंख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को सागर जिले की बीना, खुरई, देवरी, रहली व नरयावली क्षेत्र के भाजश उम्मीदवारों के पक्ष मे पांच चुनावी सभाएं संबोधित कीं। सुश्री भारती ने बीना से भाजश के प्रत्याशी डॉ0 अशोक दीवान के पक्ष मे खिमलासा में, खुरई के प्रत्याशी राज कुमार सिंह सुमरेड़ी के पक्ष मे ग्राम रोड़ा मे, देवरी क्षेत्र के प्रत्याशी इंद्रपाल सिंह के पक्ष में गौरझामर में, रहली क्षेत्र के प्रत्याशी महेश पटेल के पक्ष मे ग्राम ढाना में व नरयावली विधानसभा के प्रत्याशी डॉ0 छोटेलाल राय के पक्ष मे रात नौ बजे सागर के सदर क्षेत्र मे आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
पत्रकारों से चर्चा मे सुश्री उमाभारती ने भाजश मे शामिल हुए देवरी से भाजपा विधायक रहे रतनसिंह सिलारपुर को दमोह जिले का चुनाव प्रभारी व लोकसभा का संभावित प्रत्याशी व पार्टी की महिला शाखा की सागर जिलाध्यक्ष संध्या भार्गव को सागर जिले का चुनाव प्रभारी व लोकसभा का संभावित प्रत्याशी घोषित किया है।

0 comments:

 
© Media Watch Group-Copyright to Visitors Sagar Watch