25 October 2009

सागर में नीले केरोसिन का घपल

खाद्य मंत्री ने भेजी विशेष जाँच टीम, 48 घंटे में माँगी रिपोर्ट
Bhopal:Saturday, October 24, 2009:Updated 17:37IST आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने आज अपनी एक छापामार कार्रवाई में सागर जिला मुख्यालय पर नीले केरोसिन का बड़ा घपला उजागर किया है। खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री श्री पारसचंद्र जैन ने इसके तत्काल बाद भोपाल से विभागीय अफसरों का एक खास जाँच दल भी मामले की गहराई से पड़ताल करने के लिये सागर रवाना किया है। श्री जैन ने कहा है कि राज्य सरकार ने इस घपले को बेहद गंभीरता से लिया है और अगले 48 घंटों में इस जाँच दल की रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई अंजाम दी जाएगी।
आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने सागर शहर में एक लीड संस्था के प्राथमिक उपभोक्ता भंडार और अन्य स्थानों पर भी आज यह छापामार कार्रवाई की थी। इसमें केरोसिन के साथ ही शक्कर वितरण में खामियां उजागर हुई हैं। इसकी जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री श्री जैन ने खाद्य विभाग के आला अफसरों के साथ मंत्रणा की।
इसके बाद श्री जैन ने भोपाल से विभागीय अफसरों का एक उड़नदस्ता बना कर उन्हें सागर रवाना किया। यह दल मामले की गहराई से छानबीन के लिये व्यापक पड़ताल करेगा। इसमें संलिप्त संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस मामले में राज्य सरकार ने गंभीर कार्रवाई का मन बना लिया है।
एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई
राज्य मंत्री श्री पारसचंद्र जैन ने इस तरह की खामियों की अन्य जगहों पर भी संभावना के मद्देनज़र सार्वजनिक वितरण प्रणाली के केरोसिन की विभिन्न स्तरों पर आज जाँच के आदेश दिये है। इसके मुताबिक प्रमुख सचिव खाद्य श्री अशोक दास ने सभी कलेक्टरों को आज ही ताबड़तोड़ कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिये।
इसके तहत होलसेलरों से लेकर उचित मूल्य दुकान स्तर तक के विभिन्न घटकों और कड़ियों की सिरे से पड़ताल की जाएगी और नीले केरोसिन के उठाव, परिवहन और संबंधित लोगों को इसके वितरण तक का पूरा काम जाँचा जायेगा। खास बात यह भी है कि जाँच के इस काम में खाद्य विभाग के अलावा अन्य विभागों के तीन अधिकारियों का दल बना कर तैनात करने को कहा गया है। राज्य सरकार नीले केरोसिन के पुख्ता इंतजाम को लेकर जल्द ही और महत्वपूर्ण फैसले करने जा रही है।

0 comments:

 
© Media Watch Group-Copyright to Visitors Sagar Watch